home page

रोहतक: चार दिन बाद नहर में मिला लापता प्रापर्टी डीलर का शव

 | 
रोहतक: चार दिन बाद नहर में मिला लापता प्रापर्टी डीलर का शव


पुलिस ने दो आरोपियों को अवैध असलहे के साथ किया गिरफ्तार

मुख्य आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर

रोहतक, 24 फ़रवरी (हि.स.)। खरावड़ पुल के पास गाड़ी पर 20 फरवरी को फायरिंग के बाद गायब हुए खेड़ीसाध गांव के सत्यवान का शव आखिर चार दिन बाद मंगलवार को कनेहली गांव के पास जेएलएन से बरामद हो गया है। इस हत्या की घटना को अंजाम सत्यवान की गाड़ी में जीपीएस लगाकर दिया गया है। जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।

पुलिस के लिए सिरदर्द बने इस हत्याकांड का खुलासा जीपीएस लगाने वाले व शव को खुर्दबुर्द करने वाले की गिरफ्तारी के बाद हो पाया है। मृतक प्रापर्टी डीलर सत्यवान पर 2018 में खेड़ीसाध गांव के ही युवक की हत्या करने का आरोप है। इसी संबंध में सत्यवान पैरोल पर बाहर आया हुआ था। इस हत्या का बदला लेना ही सत्यवान की हत्या का कारण बताया जा रहा है। मुख्य आरोपी फिलहाल पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच करने में जुटी हुई है और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भिजवा दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र भोरिया ने मंगलवार को बताया कि खेड़ीसाध गांव का रहने वाला सत्यवान 20 फरवरी को जब अपनी कार में सवार होकर कहीं जा रहा था, तो खरावड़ पुल के पास उसकी गाड़ी पर लगभग 20 राउंड फायरिंग की गई थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो गोलियों के खोल जरूर बरामद हुए, लेकिन सत्यवान का कहीं अता-पता नहीं था।

सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, तो सत्यवान के घर के बाहर लगी सीसीटीवी फुटेज में एक युवक सत्यवान की गाड़ी के नीचे कुछ लगाता हुआ दिखाई दिया। जिसके आधार पर पुलिस ने मनीष व मनजीत नामक 2 युवकों को 5 अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार कर लिया और फिर मामले का खुलासा हो गया। दोनों की निशानदेही पर कनहेली गांव के पास जेएलएन नहर से सत्यवान का शव बरामद कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी में जो युवक सत्यवान की कार के पास पहुंचा था, उसने पहले गाड़ी के नीचे जीपीएस लगाया और उसके बाद गाड़ी को ट्रैक कर इस हत्या की घटना को अंजाम दिया।

हत्या का कारण 2018 में सत्यवान द्वारा अपने ही गांव के युवक की हत्या मानी जा रही है। उसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने सत्यवान की हत्या की है। फिलहाल मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मौके पर पहुंचे एसपी सुरेंद्र भोरिया ने बताया कि जिस व्यक्ति ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी, उसका मकसद केवल दहशत फैलाना था। उस व्यक्ति का इस हत्या से कोई संबंध नहीं है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल