home page

रोहतक में कच्चा बेरी रोड पर रेलवे अंडरपास मंजूर

 | 

चंडीगढ़, 27 फ़रवरी (हि.स.)। रोहतक शहर में रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से राहत की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। कच्चा बेरी रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास निर्माण को रेलवे विभाग से मंजूरी मिल गई है और 13 करोड़ 46 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति भी जारी कर दी गई है।

लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने विधानसभा में रोहतक विधायक भारत भूषण बत्तरा के सवाल के जवाब में बताया कि इस परियोजना का सामान्य रेखाचित्र रेलवे द्वारा अनुमोदित किया जा चुका है।

निर्माण कार्य राज्य सरकार के जमा कार्य के रूप में रेलवे विभाग द्वारा किया जाएगा। परियोजना के लिए हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की एक कनाल 17 मरला भूमि भी शामिल है। इस भूमि को पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर) के नाम हस्तांतरित करने की प्रक्रिया जारी है। भूमि उपलब्ध होते ही टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे और निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

विधायक भारत भूषण बत्तरा ने कहा कि रेलवे की मंजूरी चार साल पहले मिल चुकी है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि छह से आठ महीने का समय लेकर स्पष्ट समय-सीमा तय की जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके। सरकार का दावा है कि प्रदेशभर में रेलवे क्रॉसिंगों पर अंडरपास और ओवरब्रिज बनाकर यातायात सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा