हिसार में रोडवेज कर्मियों की हड़ताल शुरू, रात्रि में नहीं चली बसें
गुस्साए कर्मचारियों ने घेरा जीएम कार्यालय, एसडीएम
पहुंची मध्यस्थता करने
एक माह का समय मांगने से गुस्साए कर्मचारियों
ने नहीं मानी बात
हिसार, 05 जून (हि.स.)। राज्य परिवहन के हिसार
डिपोे में 22 दिनों से धरना दे रहे कर्मचारियों ने अपने ऐलान के अनुसार बसों की नाइट सर्विस बंद कर दी और नारेबाजी करते
हुए धरने पर बैठ गए। नाइट सर्विस चलवाने व मध्यस्थता करने एसडीएम ज्योति मित्तल मौके
पर पहुंची और सांझा संघर्ष समिति से जीएम को एक माह का समय देने की मांग करते हुुए
बसें चलाने व हड़ताल न करने की अपील की, जिसे कर्मचारियों ने मानने से इनकार कर दिया
और कहा कि उनके मांगे कोई नई नहीं है बल्कि साढ़े तीन से बकाया है और वे केवल इंतजार
ही कर रहे हैं।
धरने के 22वें दिन रोडवेज कर्मचारियों ने अपने
ऐलान के अनुसार बसों का संचालन शुक्रवार शाम से बंद कर दिया और कोई बसें नाइट पर नहीं
गई। इससे शाम के समय अपने गांवों की ओर जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।
सांझा संघर्ष समिति के नेता जोगेन्द्र पंघाल, अजय दुहन व संदीप जैनावास ने कहा कि यात्रियों
को हो रही परेशानी के लिए सीधे रूप से महाप्रबंधक जिम्मेवार है। कर्मचारी बार-बार अपनी मांगे उठाकर आंदोलन के लिए चेताते हैं लेकिन महाप्रबंधक उन्हें केवल
आश्वासन देकर टरका देते हैं, जिससे कर्मचारियों में रोष है।
गुस्साए कर्मचारियों ने जीएम कार्यालय के आगे
जाकर धरना शुरू कर दिया और उनके कार्यालय का घेराव करते हुए ऐलान किया कि जब तक मांगे
नहीं मानी जाएगी, वे यहां से नहीं हटेंगे। समाचार लिखे जाने तक बसों का संचालन बंद
था और एसडीएम ज्योति मित्तल जीएम कार्यालय में बैठकर मध्यस्थता के प्रयास में लगी थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

