home page

रोडवेज का 5 सितंबर को राज्यव्यापी हड़ताल का ऐलान

 | 

-मांगों पर बैठक न बुलाने से नाराज हैं रोडवेज कर्मी

चंडीगढ़, 16 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी साझा मोर्चा ने 5 सितंबर को राज्यव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। मोर्चा ने सरकार पर मांगों पर बैठक न बुलाने का आरोप लगाया। साथ ही, प्रदेशभर में दो घंटे रोडवेज डिपो में विरोध प्रदर्शन कर रोष जताया गया। चंडीगढ़ डिपो में प्रदर्शन की अगुवाई नीरज की और महाप्रबंधक को परिवहन मंत्री के नाम मांग पत्र सौंपा गया। प्रदर्शन का संचालन जसमेर और संदीप कुमार ने किया।नीरज ने बताया कि साझा मोर्चा की ओर से रोडवेज विभाग में चालक, परिचालक, हेल्पर और मैकेनिक समेत हजारों रिक्त पदों पर भर्ती तथा लंबित मांगों को लागू करवाने के लिए रोडवेज कर्मचारी 5 सितंबर को राज्यव्यापी हड़तालन का ऐलान किया गया है। मोर्चा के वरिष्ठ सदस्य भूपेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह ने कहा कि परिवहन मंत्री कर्मचारियों से किए गए वादे पर अमल नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 25 जुलाई को परिवहन मंत्री के आवास के घेराव के दौरान मंत्री ने कर्मचारियों के बीच पहुंचकर ज्ञापन लिया था और 15 दिन के भीतर मांगों पर बैठक बुलाने का आश्वासन दिया था। निर्धारित समय बीतने के बावजूद बैठक बुलाने संबंधी पत्र जारी नहीं हुआ है। इससे कर्मचारियों में भारी रोष है।

नीरज ने बताया कि परिचालकों का पे-ग्रेड बढ़ाने, लिपिकों की तर्ज पर तीन वेतन वृद्धि देने, जोखिम वाली ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को जोखिम भत्ता देने, चालकों का पे-ग्रेड बढ़ाने तथा स्टैंड इंचार्ज का पद सृजित कर पदोन्नति देने की मांग प्रमुख है। 2016 में भर्ती चालकों को पक्का करने, 2018 में भर्ती कर्मशाला कर्मचारियों को तकनीकी पदों पर पदोन्नति देने तथा एचकेआरएन के माध्यम से लगे परिचालकों सहित सभी कर्मचारियों को नियमित करने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा इलेक्ट्रिक बसों की ठेका व्यवस्था समाप्त करने, कर्मचारियों को पहले की तरह अर्जित अवकाश का लाभ देने तथा कार्यालय सहायकों के पद बढ़ाकर लिपिकों की पदोन्नति करने की मांग की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा