home page

हिसार : बस अड्डे पर निजी वाहन में सवारियां बैठाने से रोकने पर रोडवेज परिचालक से मारपीट

 | 
हिसार : बस अड्डे पर निजी वाहन में सवारियां बैठाने से रोकने पर रोडवेज परिचालक से मारपीट


तीन-चार युवकों पर जान से मारने की धमकी, सरकारी कार्य में डाली बाधा

रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग

की

हिसार, 23 सितंबर (हि.स.)। हिसार बस स्टेंड पर ड्यूटी के दौरान हरियाणा रोडवेज

के परिचालक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। परिचालक हरदीप सिंह ने आरोप

लगाया है कि निजी वाहन में सवारियां बैठाने का विरोध करने पर तीन-चार युवकों ने उसके

साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मामले में कर्मचारी संगठन ने प्रशासन से

आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरदीप सिंह की ड्यूटी सुबह 4 बजे से दोपहर 12 बजे

तक मॉर्निंग शिफ्ट में थी। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार बुधवार सुबह लगभग 4:35 बजे डीएल12बीडी-1966

नंबर की आर्टिका गाड़ी में तीन-चार युवक बस स्टेंड पहुंचे। आरोप है कि युवक काउंटर

नंबर 4 से दिल्ली जाने वाली सवारियों को चोरी-छिपे निजी वाहन में बैठा रहे थे। परिचालक

हरदीप सिंह ने इसका विरोध किया तो विवाद हो गया और युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दी।

शिकायत में सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप लगाया गया है।

रोडवेज कर्मचारी यूनियन के डिपो प्रधान संदीप जैनावास ने रोष जताते हुए कहा

कि बस स्टेंड पर ड्यूटी करने वाले रोडवेज कर्मचारियों के साथ मारपीट किसी भी सूरत में

स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बस स्टेंड से नियमों के विरुद्ध निजी वाहनों

में सवारियां ले जाने का विरोध करना रोडवेज कर्मचारी की ड्यूटी का हिस्सा है। उन्होंने

कहा कि रोडवेज प्रशासन, आरटीए कार्यालय व पुलिस की लापरवाही के चलते यहां पर आए दिन

अवैध वाहन बस अड्डे के अंदर भी घूमते रहते

हैं और धड़ल्ले से अपने वालों में विभिन्न स्थानों के लिए सवारियां बैठाकर रोडवेज को

चूना लगा रहे हैं। संदीप जैनावास ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, बस स्टेंड

की सीसीटीवी फुटेज खंगालने तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ

कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि कर्मचारी के साथ मारपीट करने वालों पर कार्रवाई

होने तक कर्मचारी संगठन मामले को गंभीरता से उठाता रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर