पानीपत: टोल टैक्स पर कार की चपेट में आई बाइक व स्कूटी, एक की माैत चार घायल
पानीपत, 07 अगस्त (हि.स.)। पानीपत में राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर-44 स्थित टोल प्लाजा पर एक कार ड्राइवर की लापरवाही से भीषण दुर्घटना हो गई। बैरियर बंद होने पर कार चालक ने कार को तेज रफ्तार से बैक किया, जिससे पीछे आ रही बाइक और स्कूटी उसकी चपेट में आ गईं। इस हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर कार समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने तुरंत सभी घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार घायल परमानंद ने बताया कि वह करनाल में नौकरी करता है। शुक्रवार को वह अपनी पत्नी पूजा के साथ बाइक से अपने घर रेवाड़ी लौट रहा था। इसी दौरान एक कार टोल प्लाजा की ओर पहुंची, लेकिन टोल कर्मचारियों ने उसके आगे बैरियर बंद कर दिया। इसके बाद ड्राइवर ने तेज रफ्तार में कार पीछे दौड़ा दी। कार के पीछे उसकी बाइक और एक स्कूटी थी, जो उसकी चपेट में आ गईं। स्कूटी पर रामफल, उनकी पत्नी बेबी और बहू पूजा सवार थे। तीनों करनाल से पानीपत आ रहे थे। इस हादसे में रामफल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी बेबी और बहू पूजा गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं दूसरी बाइक पर सवार परमानंद और उनकी पत्नी पूजा थे। दोनों करनाल से अपने घर रेवाड़ी लौट रहे थे। हादसे में वे भी घायल हो गए।
हादसे में पांच लोग लोग घायल हो गए व एक की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। मृतक रामफल की बहू पूजा ने बताया कि वह अपने सास-ससुर के साथ टोल प्लाजा पर अपनी बहन से मिलकर स्कूटी से पानीपत लौट रही थी। तभी पीछे से आई कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पहले वह सड़क पर गिरी, फिर उसकी सास भी गिर गईं। जबकि उसके ससुर रामफल को स्कूटी सहित कार काफी दूर तक घिसटते घिसटते हुए ले गई। जब वे उनके पास पहुंचे तो मुंह से खून निकल रहा था। इसके बाद तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने फरार कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर, उसकी तलाश शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

