home page

पानीपत: बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

 | 
पानीपत: बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत


पानीपत, 27 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव भालसी के पास एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। हादसा तेज रफ्तार बस द्वारा मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मारने से हुआ जिससे मोटरसाइकिल चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अपने भाई के साथ थर्मल प्लांट में भंडारे का काम निपटाकर घर वापस लौट रहा था। मृतक की पहचान गांव धनसोली निवासी जगदीश के रूप में हुई है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। थाना मतलौडा पुलिस ने शिकायत के आधार पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और बस की तलाश शुरू कर दी है।

गांव अटावला निवासी चांद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह हलवाई का काम करता है। उसके साथ उसके मामा का लड़का गांव धनसोली निवासी जगदीश पिछले 10 वर्षों से मिलकर काम कर रहा था। गुरुवार की रात दोनों भाई अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर थर्मल प्लांट में भंडारे की मिठाई बनाने का काम खत्म कर वापस गांव अटावला लौट रहे थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वे भालसी खेल स्टेडियम और महादेव ढाबा के पास पहुंचे, तो पीछे से पानीपत की तरफ से आ रही एक निजी बस के ड्राइवर ने बस को बेहद तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में बाइक चला रहे जगदीश को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। पीछे बैठे चांद ने राहगीरों की मदद से जगदीश को तुरंत भालसी स्थित अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा