पलवल में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक की मौत
पलवल, 06 अप्रैल (हि.स.)। जिले के मुंडकटी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग -19 पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मुंडकटी थाना प्रभारी संजय कुमार ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि रोहता पट्टी होडल निवासी करन सिंह ने शिकायत दी है कि उनका चचेरा भाई पवन कुमार (30) अपनी बाइक से होडल से पलवल की ओर जा रहा था। वह नेशनल हाईवे-19 स्थित एमवीएन यूनिवर्सिटी के पास पहुंचा था। करन सिंह भी अपनी बाइक पर उसके पीछे चल रहे थे।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक कार ने पवन कुमार की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पवन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद कार चालक अपनी गाड़ी सहित मौके से फरार हो गया। करन सिंह ने तत्परता दिखाते हुए कार का नंबर नोट कर लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुंडकटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजन की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

