home page

हरियाणा बजट: रेवाड़ी-अंबाला में 600 करोड़ से लगेंगे दो मिल्क प्लांट

 | 

चंडीगढ़, 02 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के रेवाड़ी और अंबाला में 300-300 करोड़ की लागत से दो नए दूध प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इन दोनों प्लांट की पांच लाख लीटर प्रतिदिन दूध प्रोसेसिंग क्षमता होगी। बजट में वन हेल्थ पहल के तहत हिसार में हरियाणा पशु चिकित्सा महामारी विज्ञान केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके लिए बजट में 30 करोड़ निर्धारित किए गए हैं। प्रदेश में सात नए पशु औषधालय खोले जाएंगे। वन हेल्थ के तहत पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाली बीमारियों से बचाव व रोकथाम और पशुपालकों को प्रशिक्षण देने के लिए पांच करोड़ की लागत से हिसार में एक बहुउद्देश्यीय पशुपालन प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा। आठ करोड़ से 20 नई मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयां स्थापित होंगी। पहले से संचालित 70 को मिलाने के बाद प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक इकाई होगी।

प्रदेश में खाद्य पदार्थों की उत्तम गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आठ नई खाद्य प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। यह प्रयोगशालाएं हिसार, नारनौल, सिरसा, जींद, यमुनानगर, रोहतक, फरीदाबाद और गुरुग्राम में स्थापित होंगी। इनमें से दो प्रयोगशालाएं 24 करोड़ की लागत से वर्ष 2026-27 में स्थापित करने का लक्ष्य है। वहीं करनाल एग्रो माल में आठ करोड़ की लागत से एनएबीएल सर्टिफाइड दूध एवं खाद्य पदार्थ परीक्षण लैब स्थापित की जाएगी।

दुधारू पशुओं को बढ़ावा देने और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रदेश में 100 पशुओं तक की क्षमता वाले आधुनिक डेयरी फार्म स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए बजट में 10 करोड़ का प्रविधान किया गया है। इसे डेयरी विकास में उद्यमिता को बढ़ावा दिया जाएगा। पिछले वर्ष 943 में से 316 डेयरी इकाइयां महिलाओं ने स्थापित की हैं। पिछले बजट में महिलाओं को एक दुधारू पशु की खरीद पर एक लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण का प्रविधान किया गया था।

वर्ष 2026-27 में 700 नए हर हित स्टोर खोले जाएंगे। वर्ष 2021-22 से इनकी शुरुआत हुई थी मार्च 2026 तक 1400 स्टोर खुल जाएंगे। 2025-26 में इन स्टोर से दो हजार करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। जबकि खुलने के बाद से 2025 तक एक हजार करोड़ का कारोबार हुआ था। नए वित्त वर्ष में दो हजार नए वीटा बूथ एवं मिल्क बार खोले जाएंगे। वीटा बूथ आवंटन नीति में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 20 प्रतिशत आररक्षण मिलेगा। पिछले बजट में 350 नए वीटा बूथ खोलने का लक्ष्य 31 मार्च तक पूरा हो जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा