home page

हिसार : अपने व्यक्तित्व में छुपी प्रतिभा का संदेश अपने काम से दें : प्रो. विजय कुमार

 | 
हिसार : अपने व्यक्तित्व में छुपी प्रतिभा का संदेश अपने काम से दें : प्रो. विजय कुमार


नवनियुक्त कुलपति ने लिया विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा

हिसार, 31 अगस्त (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति प्रो. विजय कुमार ने सोमवार को विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों व विद्यार्थी प्रतिनिधियों ने कुलपति प्रो. विजय कुमार से मुलाकात की तथा उन्हें गुजविप्रौवि के कुलपति के रूप में कार्यभार संभालने पर बधाई दी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. विजय कुमार उनके साथ थे।

कुलपति प्रो. विजय कुमार ने इस अवसर पर कहा कि अपने व्यक्तित्व में छुपी प्रतिभा का संदेश केवल बातों से नहीं, बल्कि अपने काम से दें। उन्होंने कहा कि वे चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के साथ-साथ गुजविप्रौवि को भी पर्याप्त समय देंगे तथा विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय पहचान को और अधिक मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे। कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि विद्यार्थी विश्वविद्यालय के प्रथम हितधारक हैं। विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने शिक्षकों व कर्मचारियों को कहा कि वे अपने कार्य को यथाशक्ति निष्ठा व लगन से पूरा करें। यही उनकी समाज, राष्ट्र व विश्वविद्यालय की सेवा है। कुलसचिव डा. विजय कुमार ने कहा कि प्रो. विजय कुमार के कुलपति के रूप में कार्यभार संभालने के बाद विश्वविद्यालय के हितधारकों में खुशी की लहर है। शिक्षकों, कर्मचारियों व विद्यार्थियों ने कुलपति प्रो. विजय कुमार को सकारात्मक सोच के साथ विश्वविद्यालय के हित में कार्य करने का विश्वास दिलाया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर