हिसार : ग्रीन ग्लोबल ग्रुप ने लिया जुगलान को हरा-भरा करने का संकल्प
अब तक लगा दिये 2351 पौधे, 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य
हिसार, 20 सितंबर (हि.स.)। स्वच्छता और पर्यावरण को हरा-भरा रखने की दिशा में
पिछले आठ वर्षों से काम कर रहे ग्रीन ग्लोबल ग्रुप ने अब तक अपने शहर हिसार में लगभग
27 हजार पौधे लगा दिये हैं। इतनी भारी संख्या में पौधे लगाये जाने का लोगों ने भी स्वागत
किया है। लोग स्वच्छ हवा में सांस लेकर ग्रुप के कार्यों को सराहते हैं।
इसके साथ ही अब ग्रुप ने निकटवर्ती गांव जुगलान को पूरी तरह हरा-भरा करने के
लिये गांव में 10 हजार पौधे लगाने का संकल्प लिया है। इसी कड़ी में रविवार को ग्रुप
के सदस्यों ने गांव वालों के सहयोग से चौथी बार में 651 पौधे लगाये। इससे पहले तीन
बार में क्रमश: 650, 500 व 550 पौधे लगाये जा चुके हैं। गांव के लोग पूरी तरह ग्रुप
के साथ मिलकर पौधारोपण में रुचि ले रहे हैं। अब तक जुगलान में 2351 पौधे लगाये जा चुके
हैं।
ग्रुप के सदस्य हरि सिंह ने बताया कि आज ग्रीन ग्लोबल ग्रुप के व गांव के लगभग
35 लोगों ने मिलकर 651 पौधे लगाये। सभी पौधे ग्रीन ग्लोबल ग्रुप हिसार द्वारा अपनी
नर्सरी में तैयार किए गए। इनमें जामुन के 120, गुलमोहर 100, पुत्रंजीवा 105, अमलतास
50, सहजन 30, पीली कनेर 70, लाल कनेर 50, चांदनी 30, बोगन बेल 10, पीपल 16, शहतूत
50, आम के 20 पौधे शामिल हैं।
ग्रुप के दर्जनों सदस्य गांव वासियों के साथ प्रात:
5 बजे से लेकर 8 बजे तक पौधे लगाते रहे। इस दौरान कोई खुदाई कर रहा था तो कोई सफाई
कर रहा था तो अन्य लोग पौधारोपण करके पानी दे रहा था। ग्रुप का मानना है कि आज के समय
में स्वच्छता और पर्यावरण अत्यंत आवश्यक है। ग्रुप के सदस्य शहर के साथ-साथ गांवों
में भी पौधारोपण अभियान चलाए हुए है। ग्रीन ग्लोबल ग्रुप के सदस्य हरिसिंह का कहना
है कि जुगलान गांव में कम से कम 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य है। पर्यावरण को साफ
सुथरा बनाए रखने के लिए गांव वासियों और शहर वासियों को स्वयं ही स्वच्छता और वृक्षारोपण
की बागडोर अपने हाथ में लेनी होगी, तभी हमारा भारत देश स्वच्छ और हरा-भरा हो पाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

