हांसी : टोल प्रबंधन की मनमानी से बिफरे क्षेत्रवासी, फ्री करवाया टोल
नई कंपनी आने के बाद बढ़ा विवाद, पुलिस पहुंची
मौके पर
हांसी, 05 फरवरी (हि.स.)। नारनौंद क्षेत्र के
गांव बास टोल प्लाजा पर चल रहा विवाद फिर बढ़ गया है। गुस्साए क्षेत्रवासियों ने गुरुवार
को टोल फ्री करवा दिया और नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस भी मौजूद रही। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा प्रबंधन
की लापरवाही के कारण फ्री लाइन से गुजरने के बावजूद उनके वाहनों से लगातार टोल फीस
काटी जा रही है। नियमों के अनुसार, बास सहित आसपास के गांवों के लिए टोल पूरी तरह निःशुल्क
है। हालांकि यह विवाद लगभग 15 दिन पहले भी उठा था और एकत्रित हुए क्षेत्रवासियों ने
चेतावनी देकर छोड़ दिया था। गुरुवार को फिर से क्षेत्रवासी फिर से टोल प्लाजा पर भारी
संख्या में जमा हो गए और टोल को पूरी तरह फ्री करा दिया। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण
बना रहा।
बास बादशाहपुर के सरपंच प्रतिनिधि विनोद ने बताया
कि यह समस्या पिछले करीब एक महीने से बनी हुई है। टोल प्लाजा की शुरुआत के समय ही यह
तय हुआ था कि आसपास के 16 गांवों के लोगों से कोई टोल फीस नहीं ली जाएगी और इसके लिए
एक अलग फ्री लाइन भी निर्धारित की गई थी। विनोद के अनुसार, एक जनवरी से टोल प्लाजा
पर नई कंपनी के आने के बाद से यह समस्या लगातार बढ़ रही है। कई ग्रामीणों को फ्री लाइन
से गुजरने के बावजूद टोल कटने के मोबाइल संदेश मिले हैं, जिससे उनमें भारी रोष है।
ग्रामीणों के टोल प्लाजा पर जमा होने की सूचना
मिलते ही बास थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर बलवान सिंह और नारनौंद डीएसपी देवेंद्र नैन
पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात को काबू करते हुए ग्रामीणों से बातचीत
की। थाना प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन ग्रामीणों
के विरोध के कारण टोल निशुल्क चल रहा है। पुलिस ने सभी से शांति बनाए रखने की अपील
की है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो
जाता, तब तक वे टोल प्लाजा से नहीं हटेंगे। प्रशासन की मौजूदगी में धरना कमेटी और टोल
कंपनी के कर्मचारियों के बीच एक बैठक होने वाली है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

