हिसार : एबीवीपी ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए किया ‘फ्रेशर्स वेलकम’ पोस्टर का विमोचन
हिसार, 20 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की गुरु जंभेश्वर
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय इकाई की ओर से नवप्रवेशी विद्यार्थियों के
स्वागत के लिए ‘फ्रेशर्स वेलकम’ पोस्टर का विमोचन किया गया। पोस्टर के माध्यम से विश्वविद्यालय में प्रवेश
लेने वाले विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें एक सकारात्मक, सुरक्षित
एवं प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अभाविप जीजेयू अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रांत सोशल मीडिया संयोजक कमलदीप
अत्री ने साेमवार काे कहा कि अभाविप का प्रत्येक कार्यकर्ता नवप्रवेशी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय
परिवार का अभिन्न सदस्य मानते हुए उनके साथ हर कदम पर खड़ा रहता है। परिषद का उद्देश्य
केवल विद्यार्थियों का स्वागत करना नहीं, बल्कि उन्हें विश्वविद्यालय जीवन के प्रति
आत्मविश्वास, अपनत्व और सकारात्मक सोच के साथ जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि अभाविप
“ज्ञान-शील-एकता” के आदर्श वाक्य को लेकर कार्य करती है और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास,
नेतृत्व निर्माण तथा राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
अत्री ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन के रूप में अभाविप शिक्षा
के साथ-साथ सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्रीय चेतना के
विभिन्न आयामों पर कार्य करती है। परिषद का प्रयास रहता है कि प्रत्येक विद्यार्थी
अपनी प्रतिभा का विकास करते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन
करने वाला जागरूक नागरिक बने।
अभाविप जीजेयू इकाई मंत्री निकुंज ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ
देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय जीवन सीखने, स्वयं को विकसित करने और नए अवसरों को अपनाने
का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने विद्यार्थियों से शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक,
खेल, सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए विद्यार्थी अपने परिश्रम और प्रतिभा से विश्वविद्यालय
तथा समाज का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर अभाविप के कार्यकर्ता अजय ढांडा, कुलविंदर,
तरुण जांगड़ा, प्रेरणा मारवाह, मोहित शर्मा, सौरभ एवं लोकेश उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

