home page

भजन लाल विवाद पर रेखा शर्मा ने मांगी माफी

 | 

- मुख्यमंत्री बोले, हरियाणा के विकास में भजनलाल का अहम योगदान

- कुलदीप बिश्नोई सन्तुष्ट, समर्थक वापस लेंगे शिकायतें

चंडीगढ़, 15 मई (हि.स.)। हरियाणा में करीब एक माह पूर्व से मुख्यमंत्री स्वर्गीय भजन लाल को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार की शाम खत्म हो गया।

राज्य सभा सांसद रेखा शर्मा ने इस मामले पर खेद जताया और कुलदीप बिश्नोई ने अपने समर्थकों को इस विवाद को खत्म करने की अपील की।

इधर, मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी भजनलाल की जमकर तारीफ की।

नगर निगम चुनाव के दौरान राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने पंचकूला में आयोजित एक जनसभा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल तथा उनके बेटे चंद्र मोहन को लेकर टिप्पणी की थी। इस टिप्पणी के बाद भजन लाल के बेटे एव पंचकूला से कांग्रेस विधायक चंद्र मोहन ने जहां रेखा शर्मा के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू की, वहीं भजनलाल के छोटे बेटे एवं भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई के समर्थको ने पर प्रदेश भर में रेखा शर्मा के विरुद्ध पुलिस में शिकायतें दी। कुलदीप बिश्नोई समर्थक रेखा शर्मा के विरुद्ध लगातार आक्रामक रहे। कुलदीप बिश्नोई समर्थक भाजपा से अलग राह अपनाने के लगातार संकेत दे रहे थे।

शुक्रवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए पूरे विवाद को खत्म कर दिया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सिरसा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल की तारीफ करते हुए कहा कि हरियाणा के विकास को लेकर उनके द्वारा दिए गए बहुमूल्य योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता। इस बीच सांसद रेखा शर्मा ने एक वीडियो संदेश जारी करके पूरे घटनाक्रम पर खेद जताते कहा कि उनका बयान किसी पर व्यक्तिगत टिप्पणी का नहीं बल्कि एक पार्टी की व्यवस्था के खिलाफ था। चौधरी भजनलाल जी जमीनी और सम्मानित मुख्यमंत्री रहे हैं। रेखा शर्मा के इस बयान के बाद कुलदीप बिश्नोई ने भी एक वीडियो जारी करके यह पूरा घटनाक्रम समाप्त होने का दावा किया। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि वह रेखा शर्मा के बयान से पूरी तरह से संतुष्ट हैं। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वह अब इस संबंध में कोई भी वीडियो जारी नहीं करेंगे और ना ही किसी प्रकार का बयान देंगे। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि उनके समर्थक पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी के वफादार सिपाही के रूप में काम करेंगे। इस संबंध में जो भी शिकायतें दी गई है वह सभी वापस ली जाएंगी। वह रेखा शर्मा द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण से पूरी तरह संतुष्ट हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा