home page

यमुनानगर: यमुना नदी में रील बनाता युवक डूबकर मरा

 | 
यमुनानगर: यमुना नदी में रील बनाता युवक डूबकर मरा


यमुनानगर, 22 मई (हि.स.) यमुनानगर के छछरौली क्षेत्र में पश्चिमी यमुना नहर में नहाने गए एक युवक की रील बनाने के दौरान डूबने से मृत्यु हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची तथा तलाशी अभियान शुरू किया गया।

मृतक की पहचान गांव हरनौली निवासी 23 वर्षीय राशिद के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार राशिद अपने मामा और रिश्तेदारों के साथ पिपली माजरा के समीप नहर पर नहाने गया था। इसी दौरान वह मोबाइल फोन से वीडियो रील बना रहा था।

बताया जा रहा है कि नहर किनारे खड़े होकर वीडियो बनाते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में बह गया। घटना के समय साथ मौजूद परिजनों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नहर में तेज बहाव होने के कारण वह कुछ ही क्षणों में आंखों से ओझल हो गया।

इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही छछरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। करीब एक घंटे तक चले अभियान के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया।

गंभीर अवस्था में उसे तत्काल सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच उपरांत मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार