home page

ब्लड सेंटरों की निगरानी करेगी रेडक्रास

 | 

चंडीगढ़, 20 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी अब रक्तदान शिविरों के साथ-साथ ब्लड स्टोरेज की निगरानी का जिम्मा भी संभालेगी। जिला स्तर पर सचिव ब्लड सेंटरों और यूनिटों का दौरा कर ब्लड स्टोरेज की रिपोर्ट तैयार करेंगे।

राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर देशभर की सभी राज्य सोसायटियों को पत्र भेजकर ब्लड स्टोरेज की निगरानी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।

हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी की ओर से राज्य के सभी जिला सचिवों को निर्देश जारी किए गए हैं कि रक्तदान शिविरों के आयोजन में अपनी भूमिका निभाने के साथ ब्लड सेंटरों में ब्लड की उपयोगिता पर भी निगरानी रखें।

दरअसल, पिछले दिनों लोकभवन और एलजी कार्यालय की ओर से 100 प्रतिशत वॉलंटरी, बिना पैसे वाला ब्लड डोनेशन करने और सभी के लिए सुरक्षित और सभी के लिए सही तथा आसानी से ब्लड की उपलब्धता को लेकर 9 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय स्तरीय स्टेक होल्डर्स बैठक में जिला स्तर पर ब्लड ट्रांसफ्यूजन सर्विसेज के लिए मजबूत प्रशासनिक और निगरानी युक्त फ्रेमवर्क तैयार करने पर सहमति बनी थी।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जिला एड्स कंट्रोल ऑफिसर ब्लड ट्रांसफ्यूजन सर्विसेज के लिए नोडल अधिकारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के जिला सचिव ऑपरेशनल सपोर्ट देंगे। इसके साथ ही, जिला सचिव ब्लड सेंटर और स्टोरेज यूनिट का दौरा कर जमीनी हकीकत को जानेंगे। यही नहीं, जिला स्तर पर ब्लड स्टोरेज और उसकी उपयोगिता बारे जिला उपायुक्त को अवगत कराएंगे। सभी जिला सचिव राज्य मुख्यालय को भी रिपोर्ट करेंगे और राज्य मुख्यालय द्वारा ब्लड स्टोरेज और उपयोगिता, उपलब्धता की रिपोर्ट स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय को भेजेंगे। हालांकि, जिला एड्स कंट्रोल ऑफिसर नोडल अधिकारी की अतिरिक्त भूमिका में रहेंगे, जिसे जिला रेडक्रॉस सचिव अपनी मनमर्जी या रिपोर्ट में फर्जीवाड़ा नहीं कर पाएंगे।

अंकुश मिगलानी का कहना है कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार सभी जिला सचिवों को ब्लड सेंटरों और ब्लड स्टोरेज यूनिटों दौरा करने तथा वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश जारी किए हैं। इससे जमीनी स्तर पर सामने आने वाली आवश्यकताओं और व्यावहारिक समस्याओं की पहचान करने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा