home page

नूंह में हेरोइन सहित आरोपी गिरफ्तार

 | 
नूंह में हेरोइन सहित आरोपी गिरफ्तार


नूंह, 17 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की फरीदाबाद यूनिट ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिनगवां के मुख्य बाजार से एक युवक को 15.86 ग्राम स्मैक (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद नशीले पदार्थ की अवैध बाजार में कीमत करीब 1.50 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी की पहचान इमरान पुत्र फज्जल, निवासी हरिजन कॉलोनी, ढाणा रोड, पिनगवां के रूप में हुई है।

एचएसएनसीबी फरीदाबाद यूनिट के इंचार्ज इंस्पेक्टर संग्राम सिंह ने शनिवार को बताया कि उनकी टीम नूंह जिले में नशा विरोधी गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इमरान नशीले पदार्थों की बिक्री करता है और इस समय पिनगवां के मुख्य बाजार में हेरोइन लेकर खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर के बताए हुलिये के आधार पर युवक को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम इमरान बताया।

पुलिस के अनुसार राजपत्रित अधिकारी को बुलाकर आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से सफेद रंग की पारदर्शी प्लास्टिक की छोटी पन्नी बरामद हुई, जिसमें स्मैक (हेरोइन) मिली। आरोपी नशीले पदार्थ के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। बरामद पदार्थ का कुल वजन 15.86 ग्राम पाया गया। पुलिस के अनुसार, बरामदगी की मात्रा इंटरमीडिएट क्वांटिटी की श्रेणी में आती है। नशीले पदार्थ की अनुमानित अवैध बाजार कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में थाना पिनगवां में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आगामी जांच के लिए मामला थाना पिनगवां पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि नशीले पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया