हिसार : घर से चल रहा था गांजा तस्करी का धंधा, महिला तस्कर गिरफ्तार
महिला के कब्जे से 1 किलो 230 ग्राम गांजा मिला, दूसरी महिला साथी की भूमिका
भी जांच के दायरे में
हिसार, 07 नवंबर (हि.स.)। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने आजाद नगर क्षेत्र की
33 फुटा रोड स्थित विजय विहार कॉलोनी में छापेमारी कर एक महिला को गांजा तस्करी के
आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 किलो 230 ग्राम गांजा और 2 लाख
49 हजार 300 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार यह रकम ड्रग्स मनी है और महिला
एक अन्य महिला के साथ मिलकर घर से गांजा बेचने का कारोबार कर रही थी। गिरफ्तार महिला की पहचान शहर की विजय विहार कॉलोनी में रहने वाली बिहार निवासी
रिंकू के रूप में हुई है।
एंटी नारकोटिक सेल के सहायक उप निरीक्षक जगदीश कुमार ने शनिवार काे बताया
कि वह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और अपराध एवं नशा तस्करी की रोकथाम के संबंध
में पड़ताल कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि 33 फुटा रोड पर रहने वाली महिला अपने
घर से गांजा बेचने का धंधा करती है और इस काम में उसकी एक अन्य महिला साथी भी शामिल
है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने महिला कर्मचारी की सहायता से मौके पर दबिश देकर
रिंकू को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 किलो 230 ग्राम गांजा और दो
लाख 49 हजार 300 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने नशीले पदार्थ और नकदी को कब्जे में
लेकर आरोपी महिला के खिलाफ आजाद नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया
है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

