यमुनानगर में साढे छह किलो अफीम बरामद, दो तस्कर व खरीदार गिरफ्तार
यमुनानगर, 19 अगस्त (हि.स.) नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए यमुनानगर पुलिस की अपराध शाखा-2 ने 6 किलो 430 ग्राम अफीम बरामद कर तीन तस्कराें को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये है। इनमें दो कथित सप्लायर और एक खरीदार शामिल है। पुलिस का दावा है कि जिले में एक कार्रवाई के दौरान इतनी बड़ी मात्रा में अफीम बरामद होने का यह पहला मामला है। डीएसपी रजत गुलिया ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देश पर नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपराध शाखा-2 को सूचना मिली थी कि लाल रंग की कार में सवार दो व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर कैल बाईपास से गुजरने वाले हैं।
सूचना के आधार पर टीम ने नाकाबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर कार में सवार नेपाल निवासी कमल बहादुर के बैग से 3 किलो 280 ग्राम और उत्तराखंड निवासी राजेश रावत के बैग से 3 किलो 150 ग्राम अफीम मिली। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि बरामद अफीम कुरुक्षेत्र जिले के पेहोवा निवासी यशपाल को दी जानी थी। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कथित खरीदार यशपाल को भी गिरफ्तार कर लिया।
तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। अदालत में पेश करने के बाद उन्हें सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। डीएसपी ने कहा कि रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर नशे की सप्लाई के स्रोत, नेटवर्क और संभावित खरीदारों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

