home page

नूंह में गृहकलेश से तंग दो सगी बहनों ने जहर निगला, एक की मौत

 | 
नूंह में गृहकलेश से तंग दो सगी बहनों ने जहर निगला, एक की मौत


नूंह, 05 अक्टूबर (हि.स.)। रोजकामेव थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा खलीलपुर में सोमवार को गृहकलेश के चलते दो सगी बहनों द्वारा कथित रूप से जहरीला पदार्थ निगलने का मामला सामने आया है। घटना में एक बहन की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद से परिवार में मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार खेड़ा खलीलपुर निवासी भावना (25) और नेहा (23) अपनी मां के साथ रहती थीं। उनके पिता प्रकाश की करीब दस वर्ष पहले मौत हो चुकी है। परिवार का पालन-पोषण मां और छोटा भाई मजदूरी कर किसी तरह करते हैं। सोमवार सुबह करीब आठ बजे दोनों बहनें घर में अकेली थीं। इसी दौरान दोनों ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ निगल लिया। तबीयत बिगड़ने पर दोनों के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान भावना की मौत हो गई। नेहा की हालत गंभीर बताई जा रही है।

परिजनों के अनुसार दोनों बहनों के बीच पिछले कई दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसे मां और भाई ने समझाकर शांत कर दिया था। सोमवार सुबह मां और भाई काम के लिए घर से बाहर चले गए। इसी दौरान दोनों ने यह कदम उठाया।

बताया गया है कि नेहा ने कई वर्ष पहले राजस्थान निवासी एक युवक से प्रेम विवाह किया था। बाद में विवाद के चलते वह अपने पति से अलग होकर मां और बहन के साथ मायके में रह रही थी। हालांकि दोनों बहनों के बीच विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों ने भी विवाद का कारण साफ तौर पर नहीं बताया है।

रोजकामेव थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में अभी तक परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। जांच अधिकारी को रिपोर्ट लेने के लिए नलहड़ स्थित शहीद हसन खान मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में चिकित्सकों ने दोनों द्वारा निगले गए पदार्थ को सल्फास बताया है। पुलिस का कहना है कि उपचाराधीन नेहा अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके बयान के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह सामने आने की संभावना है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया