home page

पानीपत: नाबालिग छात्रा को अगवा कर किया दुष्कर्म

 | 
पानीपत: नाबालिग छात्रा को अगवा कर किया दुष्कर्म


पानीपत, 30 मई (हि.स.)। पानीपत मॉडल टाउन थाने के अंतर्गत आने वाली एक कॉलोनी में रहने वाली दसवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर अगवा करके उसके साथ बलात्कार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर मुख्य आरोपी नितिन सहित अन्य के खिलाफ पॉक्सो एक् सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी 14 साल की बेटी मॉडल टाउन के एक स्कूल में 10 वीं कक्षा की छात्रा है। ईदगाह कॉलोनी का रहने वाला नितिन नाम का एक युवक जो काफी समय से उनकी बेटी का स्कूल आते-जाते पीछा कर परेशान करता था। परिजनों ने उसे कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आरोप है कि बीती रात को आरोपी नितिन नाबालिग छात्रा को उसके घर से बहला-फुसलाकर भगा ले गया। रास्ते में उसने छात्रा को कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया और उसे किसी अज्ञात स्थान पर ले जाकर उसके साथ जबरन दुराचार किया।

घटना के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस को पीड़ित छात्रा अगली सुबह रामलाल चौक पर बदहवास हालत में मिली, जिसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। पिता का आरोप है कि आरोपी नितिन ने उनकी बेटी को इस कदर डरा-धमका रखा है कि वह सहमी हुई है। आरोपी ने धमकी दी है कि यदि पुलिस में शिकायत की, तो वह पूरे परिवार को खत्म कर देगा।

इसके अलावा, आरोपी नितिन के साथ जुड़े कुछ अन्य बदमाश लड़के भी पीड़ित परिवार को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन करके लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। थाना मॉडल टाउन प्रभारी जगमिंदर ने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत पर शनिवार को आरोपी नितिन व उसके साथियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा