home page

जींद : कांग्रेस में गड़बड़ी किसने की, इस पर भी मंथन जरूरी : कुमारी शैलजा

 | 
जींद : कांग्रेस में गड़बड़ी किसने की, इस पर भी मंथन जरूरी : कुमारी शैलजा


जींद, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उचाना स्थित राजीव गांधी महाविद्यालय उचाना प्रांगण में शनिवार को कांग्रेस के ब्लॉकस्तरीय सम्मेलन का आयोजन हुआ। सम्मेलन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, सांसद कुमारी शैलजा, पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, विधायक आदित्य सुरजेवाला सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता पहुंचे। मीटिंग में प्रस्ताव पास किया गया कि राहुल गांधी के द्वारा प्रतिरोध के आह्वान का समर्थन करते हुए हजारों की संख्या सड़कों पर उतरकर बीजेपी की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ निरंतर लड़ाई जारी रखेंगे।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 70 विधानसभा सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ काम करने का आह्वान किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कांग्रेस के अंदर चल रही गुटबाजी को लेकर कहा कि कांग्रेस में दो तरह के लोग हैं। एक वे हैं जिनके दिल में कांग्रेस है और दूसरे वे हैं जो कांग्रेस में घुस रहे हैं।

कांग्रेस में दूरी किसने पैदा की, इस पर भी सवाल होना चाहिए : शैलजा

कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने बीरेंद्र सिंह के भाजपा में जाने के संदर्भ में कहा कि वे किन परिस्थितियों में भाजपा में गए, यह सभी जानते हैं। उन्होंने पार्टी के भीतर एकजुटता की बात पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस में सभी साथ थेए फिर दूरी किसने पैदा की और पार्टी में गड़बड़ी किसने कीए इस पर भी विचार होना चाहिए। सत्ता और संगठन की जिम्मेदारी जिनके हाथ में रही, उन्हें सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना चाहिए था। परिस्थितियां ऐसी बनीं कि बीरेंद्र सिंह, राव इंद्रजीत सिंह, किरण चौधरी सहित कई नेताओं को कांग्रेस छोडऩी पड़ी। कुमारी शैलजा ने कहा कि वह जिद्दी हैं और कुछ भी हो जाए कांग्रेस नहीं छोड़ेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा