हरियाणा के नगर निगमों में 17 हजार फर्जी मतदाता
-रणदीप सुरजेवाला व राव नरेंद्र ने जारी की फर्जी मतदाताओं की सूची
चंडीगढ़, 06 मई (हि.स.)। हरियाणा के विधानसभा चुनाव में करीब 25 लाख वोटों के नकली अथवा फर्जी होने का आरोप लगाने के बाद कांग्रेस ने अब पंचकूला नगर निगम के चुनाव में करीब 17 हजार वोट नकली या फर्जी होने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला तथा हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बुधवार को चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कान्फ्रेंस में प्रोजेक्टर पर उन मतदाताओं के नाम और पते सार्वजनिक किए, जिनके वोट नकली, डबल या फर्जी हैं। कई ऐसे मतदाताओं के नाम भी सार्वजनिक किए गए हैं, जिनके तीन-तीन वोट बने हुए हैं।
कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और पंचकूला के विधायक एवं पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन ने कथित फर्जी नाम-पते वाली मतदाता सूचियां पहले रिटर्निंग अधिकारी और फिर राज्य चुनाव आयुक्त को सौंपी। राज्य में पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगमों समेत कई शहरी निकायों में 10 मई को चुनाव होगा और 13 मई को मतगणना की जाएगी। राज्य चुनाव आयुक्त ने कांग्रेस नेताओं द्वारा सौंपी गई मतदाता सूची की जांच कराने का भरोसा दिलाया है, लेकिन मीडिया से बात करते हुए सुरजेवाला और राव ने कहा कि हमने वैरीफाई मतदाता सूचि राज्य चुनाव आयोग को सौंपी है। इस सूची में एक ही नाम, आयु, पिता या माता का नाम के साथ एक समान पते दर्ज हैं। इसलिए मतदाता सूची के नये सिरे से जांच का विषय ही नहीं है। राज्य चुनाव आयोग को चाहिए कि वह फर्जी नाम मतदाता सूचियों से हटाकर नई संशोधित पारदर्शी मतदाता सूची जारी करे।
कांग्रेस नेताओं ने संकेत दिए कि ऐसे ही फर्जी अथवा नकली मतदाता अंबाला, सोनीपत, रेवाड़ी और धारूहेड़ा में भी हैं। पंचकूला में कांग्रेस के करीब 100 वालंटियर्स ने एक माह की मेहनत करते हुए 8543 मतों की जांच की, जिनके 17 हजार 86 वोट फर्जी, नकली अथवा डुप्लीकेट बने हुए हैं। जांच की समय अवधि और प्रक्रिया लंबी की जाती तो फर्जी अथवा नकली मतदाताओं का आंकड़ा 17 हजार 86 से भी अधिक हो सकता है। रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पंचकूला नगर निगम में 2 लाख 8 हजार मतदाता हैं। इनमें से कांग्रेस ने करीब आठ प्रतिशत फर्जी मतदाताओं को चिन्हित कर दिया है। ऐसे में कांग्रेस ने वोट चोरी कर जनादेश को लूटने की पूरी योजना तैयार कर ली है।
राव नरेंद्र सिंह ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं का जिक्र करते हुए आरोपित चुनाव अधिकारियों, भाजपा नेताओं और वार्ड उम्मीदवारों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

