हिसार : स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता के लिए गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में निकली रैली
हिसार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान
एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर यूनिवर्सिटी
यूथ रेड क्रॉस की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम का आयोजन नर्सिंग विभाग
के सहयोग से किया गया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने हरी झंडी दिखाकर
रैली को रवाना किया।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने स्वयंसेवकों
को स्वैच्छिक रक्तदान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और जरूरतमंद
व्यक्ति को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उसका जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं
से रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
यूनिवर्सिटी यूथ रेड क्रॉस के समन्वयक डॉ. महावीर
प्रसाद ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 1 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस मनाया
जाता है। इस दौरान पोस्टर निर्माण, स्लोगन प्रतियोगिता और जागरूकता रैली सहित विभिन्न
गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। उन्होंने बताया कि जागरूकता रैली में करीब 150 स्वयंसेवकों
ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने रैली के सफल आयोजन में स्वयंसेवकों
के अनुशासन और योगदान की सराहना की। इस अवसर पर प्रो. देवेंद्र कुमार, कार्यक्रम समन्वयक
डॉ. महावीर प्रसाद, नर्सिंग विभाग से प्राध्यापक आभा नरवाल, ऋतु सोनी, कोयल, सोनू,
अनसूया, विपिन कुमार तथा फील्ड कोऑर्डिनेटर सुरेंद्र श्योराण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

