home page

हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के लिए साेमवार काे हाेगा मतदान

 | 

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने विधायकों से की बैठक

चंडीगढ़, 15 मार्च (हि.स.)। हरियाणा में राज्य सभा की दो सीटों के लिए सोमवार को चंडीगढ़ में वोटिंग होगी। मतदान से एक दिन पहले रविवार को भाजपा व कांग्रेस में दिन भर रणनीतिक बैठकें होती रही। भाजपा के सभी विधायक चंडीगढ़ में हैं। कांग्रेस तथा भाजपा द्वारा लगातार विधायकों को वोटिंग की प्रक्रिया समझाते हुए प्रेक्टिस करवाई जा रही है। इस चुनाव में मुख्यमंत्री नायब सैनी की जहां परीक्षा होगी वहीं पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की प्रतिष्ठा दांव पर है। पिछले दो चुनाव में कांग्रेस के अधिकारिक प्रत्याशी हारते रहे हैं। सभी की नजरें इस बात पर लगी हुई हैं कि इस बार हार की हैट्रिक होगी या फिर भाजपा की पुरानी रणनीति फेल होगी।

शनिवार की शाम भाजपा की मॉक वोटिंग में तीन विधायकों के वोट रद्द हुए। जिसे गंभीरता से लेते हुए रविवार को दोबारा वोट डालने की प्रेक्टिस करवाई गई। आज मुख्यमंत्री नायब सैनी तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने पार्टी के सभी विधायकों के साथ बैठक की। दूसरी तरफ हिमाचल में रूके कांग्रेस विधायकों को भी आज वोट डालने की प्रेक्टिस करवाई गई। हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज कांग्रेस विधायकों के साथ मुलाकात की। दोपहर में लंच के बाद कांग्रेस के सभी विधायकों को खराब मौसम के चलते कुफरी से परवाणु के पास एक होटल में शिफ्ट कर दिया गया। यह होटल चंडीगढ़ के करीब है। यहीं से सभी विधायक सोमवार को वोट डालने के लिए रवाना होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा