हिसार : बीकानेर रेल मंडल पर ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ शपथ समारोह मनाया

देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सत्यनिष्ठा से अपना योगदान दें : डॉ. आशीष
हिसार, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर रेल मंडल कार्यालय में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ शपथ समारोह का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक डॉ. आशीष कुमार ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म जयंती के उपलक्ष में सरदार पटेल की फोटो पर माल्यार्पण किया एवं मंडल रेल प्रांगण में एकत्रित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलवाई।
डॉ.आशीष कुमार ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने का आह्वान किया एवं सरदार वल्लभभाई पटेल जैसी दूरदर्शिता एवं कार्यों से देश की एकता को कायम रखने की शपथ दिलाई। डॉ. आशीष कुमार ने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान सत्यनिष्ठा से देने के लिए संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक डॉ. आशीष कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक रूपेश कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जितेंद्र शर्मा, मुख्य कार्यालय अधीक्षक मनोज कुमार बिस्सा, कर्मचारी कल्याण संजय प्रताप सिंह चौहान सहित रेलवे के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार 16 अगस्त से 15 नवंबर तक केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार सतर्कता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष ‘सत्य निष्ठा की संस्कृति से राष्ट्र की समृद्धि’ की थीम पर सतर्कता सप्ताह मनाया जा रहा है। भारत जब सतर्क रहेगा तभी समर्थ और समृद्ध बनेगा। इस जागरूकता सतर्कता सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न विषयों पर सेमिनार, प्रश्नोत्तरी, ड्राइंग, काव्य पाठ एवं नुक्कड़ आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर