हिसार : सीएम फ्लाइंग ने छापा मारकर 10 हजार किलो खाद्य सामग्री के सैंपल लिए
मिल गेट के मिठाई प्लांट में मिले 3330 किलो रसगुल्ले समेत 4245 किलो मिठाइयां
बिना लाइसेंस चल रहा था उत्पादन, पाम ऑयल, वनस्पति और सोरबिटोल के भी नमूने
जांच के लिए भेजे
हिसार, 31 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली के त्योहार पर लोगों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण
खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सीएम फ्लाइंग की टीम ने खाद्य सुरक्षा
विभाग के साथ मिलकर शहर में मिठाई और खाद्य तेल कारोबार से जुड़े तीन प्रतिष्ठानों
पर औचक छापेमारी की।
शनिवार को की गई इस कार्रवाई के दौरान एक मिठाई प्लांट में उत्पादन
से संबंधित लाइसेंस नहीं मिला, जबकि विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाइयों, पाम ऑयल, वनस्पति
और सोरबिटोल सहित कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए लैब
भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों के
खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज की इंचार्ज सुनैना ने किया। टीम
में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी काजल, एएसआई चंद्रपाल और हेड कांस्टेबल विजय शामिल
रहे। सीएम फ्लाइंग को सूचना मिली थी कि त्योहारी सीजन के दौरान कुछ स्थानों पर मिलावटी
अथवा निम्न गुणवत्ता वाली मिठाइयां तैयार कर बाजार में बेची जा सकती हैं। इसी सूचना
के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को साथ लेकर विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की
गई।
मिल गेट स्थित मिठाई प्लांट में मिली 4245 किलो मिठाई, लाइसेंस नहीं दिखा पाया
संचालक
सीएम फ्लाइंग की टीम ने सबसे पहले मिल गेट स्थित संकट मोचन मिठाई एवं पनीर
प्लांट पर छापेमारी की। यहां प्लांट संचालक दीपक मौके पर मौजूद मिले। जांच के दौरान
टीम ने मिठाई निर्माण से संबंधित लाइसेंस मांगा, लेकिन संचालक लाइसेंस प्रस्तुत नहीं
कर पाए।
निरीक्षण के दौरान प्लांट में भारी मात्रा में मिठाइयां मिलीं। इनमें 3330
किलोग्राम रसगुल्ले, 900 किलोग्राम चमचम और 15 किलोग्राम गुलाब जामुन शामिल थे। कुल
4245 किलोग्राम मिठाई मौके पर मिली। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने तीनों मिठाइयों
के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजने की कार्रवाई की।
इसके बाद टीम ने गोपाल दूध डेयरी का निरीक्षण किया। यहां संचालक गोपाल मौके
पर मिले। जांच के दौरान डेयरी संचालक के पास मिठाई तैयार करने से संबंधित लाइसेंस पाया
गया। डेयरी में करीब 300 किलोग्राम रसगुल्ले रखे मिले। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने रसगुल्लों
का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
अभियान के तहत तीसरी कार्रवाई बड़वाली ढाणी स्थित लावण्या ट्रेडिंग कंपनी में
की गई। टीम ने यहां रिफाइंड, पाम ऑयल और अन्य खाद्य सामग्री के स्टॉक की जांच की। कंपनी
की संचालक तरुणा लोहिया मौके पर मौजूद मिलीं और उन्होंने अपना लाइसेंस प्रस्तुत किया।
जांच के दौरान कंपनी में 361 टिन पाम ऑयल मिले, जिनका कुल वजन करीब 5415 किलोग्राम
था। इसके अलावा 26 टिन वनस्पति, जिनका वजन करीब 390 किलोग्राम और सोरबिटोल (ग्लूकोज
सिरप) के 36 ड्रम, जिनका कुल वजन करीब 10800 किलोग्राम पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी
ने इन खाद्य सामग्रियों के भी नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजने की कार्रवाई की।
सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज की इंचार्ज सुनैना ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर
सरकार की ओर से मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित
करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ संयुक्त रूप से
यह अभियान चलाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

