सोनीपत के राई व कुंडली में दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे
सोनीपत, 04 जुलाई (हि.स.)। सोनीपत
पुलिस ने नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए
दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक
हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पहले
मामले में थाना राई पुलिस ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में उत्तर प्रदेश के
सीतापुर निवासी विकास को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 16 फरवरी 2026 को सोनीपत निवासी
एक युवती ने शिकायत दी कि 15 फरवरी को दोपहर बाद वह सब्जी लेने बाजार गई थी, जबकि उसकी
मां नौकरी पर गई हुई थी। करीब ढाई बजे घर लौटने पर उसकी नाबालिग बहन घर पर नहीं मिली।
काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता
और किशोर न्याय अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच
के दौरान पुलिस ने नाबालिग को बरामद किया। जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार
कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
दूसरे
मामले में थाना कुंडली पुलिस ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में बिहार के बस्ती
निवासी श्याम मनोहर, जो वर्तमान में दिल्ली के करोल बाग में रह रहा था, को गिरफ्तार
किया। 23 जून 2026 को लड़की के परिजन ने शिकायत दी कि 22 जून को सुबह उनकी नाबालिग
बेटी बिना बताए घर से चली गई थी। शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता और किशोर न्याय अधिनियम
के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में आरोपी की संलिप्तता मिलने पर उसे
गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया
गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

