home page

यमुनानगर में अजगर ने बकरी को निगला, वन्यजीव विभाग ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

 | 
यमुनानगर में अजगर ने बकरी को निगला, वन्यजीव विभाग ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा


यमुनानगर, 13 जुलाई (हि.स.) यमुनानगर जिले के छछरौली क्षेत्र के गांव भीलपुरा में रविवार शाम उस समय दहशत फैल गई, जब एक विशालकाय अजगर ने खेतों में चर रही बकरी को अपना शिकार बना लिया। सूचना मिलने पर वन्यजीव विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सफल रेस्क्यू अभियान चलाया।

रेस्क्यू के दौरान अजगर ने निगली हुई बकरी को बाहर उगल दिया, जिसके बाद उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। ग्रामीण मुनसिर ने बताया कि वह रोजाना की तरह अपनी बकरियां जंगल से सटे खेतों में चरा रहा था। इसी दौरान आसपास खेल रहे बच्चों ने खेत में बड़े अजगर के होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर उसने देखा कि लगभग 15 फुट लंबा और करीब 50 किलोग्राम वजनी अजगर खेत में पड़ा हुआ था। उसका पेट असामान्य रूप से फूला हुआ था। बकरियों की गिनती करने पर एक बकरी गायब मिली, जिससे आशंका हुई कि अजगर उसे निगल चुका है।

सूचना मिलते ही वन्यजीव विभाग की टीम कर्मचारी संजीव के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए टीम ने काफी मशक्कत के बाद अजगर को काबू किया। रेस्क्यू के दौरान अजगर ने निगली हुई बकरी को बाहर उगल दिया। इसके बाद उसे आबादी से दूर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। मुनसिर ने बताया कि पिछले वर्ष भी अजगर उसकी दो बकरियों को अपना शिकार बना चुका है। उन्होंने वन्यजीवों के हमलों से होने वाले नुकसान पर प्रभावित पशुपालकों को उचित मुआवजा देने की मांग की।

वन्यजीव विभाग के कर्मचारी संजीव ने बताया कि बरसात के मौसम में भोजन और सुरक्षित ठिकाने की तलाश में अजगर जैसे वन्यजीव जंगल से निकलकर खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार