home page

हरियाणा के मुख्यमंत्री से मिले पंजाब के राज्यपाल, सियासी चर्चा तेज

 | 
हरियाणा के मुख्यमंत्री से मिले पंजाब के राज्यपाल, सियासी चर्चा तेज


चंडीगढ़, 07 मार्च (हि.स.)। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने शुक्रवार रात हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ मुलाकात की। कटारिया पंजाब में संवैधानिक पद पर हैं इसके बावजूद यह मुलाकात राजनीति के गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। इन दिनों पंजाब व हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। हरियाणा का बजट आ चुका है और पंजाब का बजट रविवार को पेश होगा, जिसमें महिलाओं को एक-एक हजार रुपये सम्मान भत्ता दिया जाएगा।

शुक्रवार रात पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात करने के लिए पहुंचे। इस मुलाकात के दौरान बंद कमरे में हुई बातचीत का ब्यौरा बाहर नहीं आया है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि संतकबीर कुटीर (मुख्यमंत्री आवास), चंडीगढ़ में पंजाब के माननीय राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया जी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विभिन्न समसामयिक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री की इस पोस्ट के बाद चर्चाओं का दौर जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा