पूंडरी में 16.84 करोड़ के विकास कार्यों का विधायक ने किया शिलान्यास
कैथल, 30 अक्टूबर (हि.स.)। पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक सतपाल जांबा ने शुक्रवार को करीब 16 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन कार्यों के पूरा होने से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। परियोजनाओं में सीवरेज व्यवस्था, गलियों की मरम्मत, सड़क निर्माण, रास्तों और सिंचाई व्यवस्था से जुड़े कार्य शामिल हैं।शिलान्यास किए गए कार्यों में गांव फतेहपुर में तीनकरोड़ 16 लाख रुपये, नगर पालिका पूंडरी में 42 लाख 57 हजार, 14 लाख 64 हजार और 32 लाख 34 हजार रुपये की लागत के तीन अलग-अलग कार्य शामिल हैं। इसके अलावा गांव बदनारा में नाै करोड़ 62 लाख रुपये और गांव फरल में तीन करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य करवाए जाएंगे।इस अवसर पर विधायक सतपाल जांबा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से संबंधित कार्य एजेंसियों को आवंटित किए गए हैं। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों पर विशेष ध्यान दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

