home page

पलवल : जन शिकायतों के त्वरित समाधान से मजबूत हो रहा जनविश्वास : राव नरबीर सिंह

 | 
पलवल : जन शिकायतों के त्वरित समाधान से मजबूत हो रहा जनविश्वास : राव नरबीर सिंह


पलवल, 10 सितंबर (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री एवं पलवल जिला लोक संपर्क एवं परिवाद निवारण समिति के अध्यक्ष राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील शासन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जन शिकायतों का त्वरित समाधान सरकार की प्राथमिकता है और इससे आमजन का सरकार एवं प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हो रहा है। वे गुरुवार को जिला सचिवालय सभागार में जिला लोक संपर्क एवं परिवाद निवारण समिति की बैठक ले रहे थे।

बैठक में आमजन की 15 शिकायतें सुनवाई के लिए रखी गईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि चार शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का तथ्यपरक, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत दर्ज करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता को संतुष्टि मिलना जरूरी है। आम नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों अथवा ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में न आना पड़े, इसके लिए समाधान शिविरों सहित विभिन्न स्तरों पर शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए।

बैठक में नवल सिंह निवासी कुसलीपुर की शिकायत पर परिवादी की संतुष्टि के लिए तारीख निर्धारित कर 10-10 व्यक्तियों को बुलाकर जिला सचिवालय में बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। चरण सिंह सागर निवासी भमरोला की शिकायत पर पुलिस विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं उषा रानी निवासी वार्ड नंबर 29 की शिकायत पर नगर परिषद पलवल के कार्यकारी अधिकारी को प्रॉपर्टी आईडी की अपडेट प्रिंट कॉपी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अन्य शिकायतों की भी सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पत्रकारों के सवाल पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने कहा कि सरकार पलवल-फरीदाबाद के नजदीक इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 10 आईएमटी बनाने की घोषणा की गई थी, जिनमें से छह आईएमटी की घोषणा हो चुकी है। इनमें पलवल-फरीदाबाद आईएमटी भी शामिल है। इसके लिए जमीन चिन्हित कर जल्द जानकारी दी जाएगी। आईएमटी बनने से क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग