सोनीपत: जन शिकायतों में लापरवाह अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई: महिपाल ढांडा
-शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कष्ट
निवारण समिति की बैठक में 16 शिकायतों में से नौ को किया समाधान
सोनीपत, 26 जून (हि.स.)। हरियाणा
के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति आम लोगों
की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों
का निपटारा पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने चेतावनी
दी कि जनहित के मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायतों को बेवजह लंबित
रखने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
लघु
सचिवालय के सम्मेलन कक्ष में शुक्रवार को आयोजित समिति की मासिक बैठक में 16 शिकायतों
की सुनवाई हुई। इनमें से नौ शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि सात मामलों
में संबंधित विभागों से रिपोर्ट लेकर अगली बैठक से पहले कार्रवाई पूरी करने के निर्देश
दिए गए। शास्त्री कॉलोनी निवासी सुनीता देवी ने बताया कि बिजली मीटर बदलने के बाद विभाग
ने पोर्टल पर नया मीटर दर्ज नहीं किया, जिसके कारण उन्हें 71 हजार 102 रुपये का बिल
भेज दिया गया। मंत्री ने संबंधित कनिष्ठ अभियंता के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए
और स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता से यह राशि नहीं ली जाएगी, क्योंकि गलती विभाग की है।
बीज
मार्केट निवासी बलराज सिंह ने गांव अहमदपुर में सिंचाई के लिए बने पानी के खाल पर कब्जा
कर उसे बंद करने की शिकायत दी। इस मामले में उपायुक्त की अध्यक्षता में समिति गठित
कर मौका मुआयना कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
गांव
कुराड़ निवासी दर्शनी देवी की स्कूल में गबन की शिकायत की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त
की अध्यक्षता में समिति गठित की गई। समिति शिकायतकर्ता का पक्ष सुनकर रिपोर्ट देगी
ताकि दोषी मिलने पर कार्रवाई की जा सके। गांव जांटी कलां निवासी शकुंतला की पैतृक संपत्ति
पर कथित कब्जे की शिकायत की जांच के लिए उपमंडल अधिकारी की अध्यक्षता में समिति बनाई
गई। गांव रायपुर निवासी रणजीत सिंह की नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेने में आ
रही परेशानी का समाधान करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक
में सोनीपत विधायक निखिल मदान, गन्नौर विधायक देवेन्द्र कादियान, बरोदा विधायक इंदुराज
नरवाल, मेयर राजीव जैन, जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया, पुलिस आयुक्त ममता सिंह,
उपायुक्त नेहा सिंह, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त अजय चौपड़ा,
भाजपा जिलाध्यक्ष गोहाना बिजेन्द्र मलिक सहित अन्य सभी अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

