home page

हिसार में रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, शहर में निकाला रोष प्रदर्शन

 | 
हिसार में रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, शहर में निकाला रोष प्रदर्शन


मांगें पूरी होने तक काम छोड़ने के फैसले पर अडिग रहेंगे कर्मचारी : सांझा

संघर्ष समिति

हिसार, 02 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा रोडवेज के हिसार डिपो में कर्मचारियों की

लंबित मांगों को लेकर शुरू हुई हड़ताल सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रही। रोडवेज कर्मचारी

यूनियनों ने शहर में जोरदार रोष प्रदर्शन करते हुए सरकार और विभागीय अधिकारियों के

खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वे काम छोड़ने के अपने फैसले

पर अडिग हैं और जब तक उनकी सभी लंबित मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक हड़ताल जारी

रखेंगे।

सांझा संघर्ष समिति के प्रेस प्रवक्ता संदीप जैनावास ने बताया कि हड़ताल के

तीसरे दिन के प्रदर्शन की अध्यक्षता सांझा संघर्ष समिति हिसार के प्रधानों बजरंग लाखा,

राजेश जांगड़ा, अनूप श्योकंद, पवन कनोह, अरुण शर्मा, जितेंद्र शर्मा, अमित जुगलान एवं

नरेंद्र खरड़ ने की जबकि मंच का संचालन कर्मबीर मसूदपुर व जोगेंद्र पंघाल ने किया।

समिति ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

डिपो के तमाम कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल रहे।

इनमें वर्कशॉप कर्मचारी, क्लर्क, हरियाणा

कौशल रोजगार निगम के परिचालक, सफाई कर्मचारी, चालक एवं परिचालक शामिल हैं। कर्मचारियों

की प्रमुख लंबित मांगों में पिछले साढ़े तीन वर्षों से बकाया रात्रि भत्ता, मेडिकल

भत्ता, ओवरटाइम का भुगतान, कौशल रोजगार निगम के कर्मचारियों को समय पर वेतन देना, वर्कशॉप

में अप्रेंटिस कर्मचारियों का लंबित स्टाइफंड जारी करना तथा कर्मचारियों की एसीपी समय

पर लागू करना शामिल हैं। इन मांगों को लेकर प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने जोरदार नारेबाजी

कर अपना रोष जाहिर किया।

कर्मचारियों ने दो टूक कहा कि जब तक उनकी सभी मांगों को पूरा नहीं किया जाता,

तब तक वे काम छोड़ने के फैसले पर कायम रहेंगे। कर्मचारियों ने बताया कि हिसार डिपो

के आंदोलन को समर्थन देते हुए सिरसा डिपो और सब डिपो डबवाली के कर्मचारियों ने भी सोमवार

से काम छोड़ दिया है। इससे रोडवेज कर्मचारियों का आंदोलन दूसरे डिपो तक भी फैलता नजर

आ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर