home page

सोनीपत में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार

 | 
सोनीपत में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार


सोनीपत, 13 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत के गोहाना में शुक्रवार शाम रोहतक रोड पर बाइक सवार

बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी।

वारदात उस समय

हुई, जब प्रॉपर्टी डीलर अपने कार्यालय से घर जाने के लिए गाड़ी में बैठ रहे थे। हमलावरों

ने उन पर करीब 14 से 15 राउंड फायरिंग की। गोलियां लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो

गई। वारदात के बाद आरोपी बाइक पर फरार हो गए।

पुलिस को आशंका है कि हत्या से पहले बदमाशों

ने उनकी रेकी की थी और पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया।

मृतक की पहचान 40 वर्षीय बिजेंद्र पहल के रूप में हुई है।

वह मूल रूप से गन्नौर क्षेत्र के गुमड़ गांव के रहने वाले थे। पिछले करीब 24 साल से

गोहाना के आदर्श नगर में रह रहे थे। रोहतक रोड पर शिवम प्रॉपर्टी एडवाइजर के नाम से

उनका कार्यालय था। परिवार में माता-पिता, पत्नी और दो बेटे हैं। उनकी शादी करीब 16

साल पहले हुई थी।

बताया गया है कि बिजेंद्र पहलवानी में अपना करियर बनाने के

लिए शादी से पहले महाराष्ट्र के कोल्हापुर गए थे। वहां उन्होंने फिटनेस की ट्रेनिंग

ली और करीब चार साल तक रघुवीर अखाड़े में पहलवानी का अभ्यास किया। बाद में उन्होंने

प्रॉपर्टी का कारोबार शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह घटनास्थल के पास अपनी चारा

काटने की दुकान पर मशीन चला रहा था। इसी दौरान उसे गोलियां चलने जैसी आवाज सुनाई दी।

मशीन के शोर के कारण पहले आवाज स्पष्ट नहीं हुई।

बाद में आसपास के लोग मौके पर पहुंचे,

लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर गोहाना थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें

मौके पर पहुंचीं।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया। फोरेंसिक टीम को भी

बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की

फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।

एसीपी देवेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने गोली

मारकर बिजेंद्र की हत्या की है। मामले की जांच के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं

और आरोपियों की तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम शनिवार

को करवाया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना