यमुनानगर में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, हमलावर फरार
यमुनानगर, 15 मई (हि.स.)। यमुनानगर शहर के फर्कपुर क्षेत्र में शुक्रवार को एक प्रॉपर्टी कारोबारी की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। हमलावरों ने कार्यालय में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान फर्कपुर निवासी 64 वर्षीय कलिराम के रूप में हुई है। वह लंबे समय से प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े हुए थे। परिवार में उनकी दो बेटियां और एक बेटा है। उनका बेटा राजेश अमेरिका में रहता है। घटना की जानकारी मिलते ही उसने विदेश से वीडियो कॉल के माध्यम से परिजनों से संपर्क किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाश शुक्रवार शाम कलिराम के कार्यालय में पहुंचे और उन पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। मृतक के भतीजे संजीव ने बताया कि शुक्रवार शाम को परिवार को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे।
उन्होंने कहा कि कलिराम कई वर्षों से प्रॉपर्टी का कार्य कर रहे थे और परिवार की किसी से व्यक्तिगत रंजिश की जानकारी नहीं है। फर्कपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

