home page

हरियाणा में काम बढऩे पर नहीं बढ़ेगा एस्टीमेट, होंगे नए टेंडर

 | 

-मुख्यमंत्री ने विधानसभा में किया ऐलान

चंडीगढ़, 05 मार्च (हि.स.)। हरियाणा में होने वाले सरकारी निर्माण कार्यों में अगर कार्य में बदलाव होता है तो बजट नहीं बढ़ाया जाएगा। इसके लिए अलग से टेंडर लगाया जाएगा। यह जानकारी हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गुरुवार को विधानसभा में दी।

विधानसभा में पुंडरी के विधायक सतपाल जांबा ने कबड्डी अकादमी के अधूरे पड़े भवन तथा बजट बढ़ने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इसके लिए दो करोड़ रुपये की राशि कम है। खेल मंत्री गौरव गौतम ने इसके जवाब में कहा कि पाई में कबड्डी अकादमी भवन का निर्माण 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। खेल विभाग द्वारा लोक निर्माण विभाग को इस परियोजना के लिए सात करोड़ 14 लाख रुपये जारी किए गए हैं। इस मुद्दे पर जब बजट बढ़ाने को लेकर चर्चा चली तो मुख्यमंत्री नायब सैनी हस्तक्षेप करते हुए कहा कि सरकार ने निर्णय लिया है कि किसी प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन के दौरान यदि उस परियोजना में कार्य का विस्तार किये जाने की आवश्यकता है तो उसके लिए नया टेंडर लगाया जाएगा। इससे एनहांसमेंट जैसी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित होगा।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान में ऐसी स्थिति है कि कोई प्रोजेक्ट चल रहा है तो बीच में ही एक्सपेंशन कर देते हैं और बार-बार एक्सपेंशन से बहुत समस्या आती है, जिससे बजट बढऩे और एनहांसमेंट जैसी दिक्कतें उत्पन्न होती हैं। इन सबके समाधान हेतु सरकार ने निर्णय लिया है कि किसी प्रोजेक्ट के लिए कोई टेंडर लगा है और यदि उसमें किसी प्रकार का विस्तार करना है तो उसके लिए अलग से टेंडर लगाया जाएगा। इस संबंध में सभी विभागों के अधिकारियों को दिशा—निर्देश दिए जा चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा