home page

यमुनानगर:गोल्ड मेडलिस्ट छात्र से मारपीट के आरोप में स्कूल प्रिंसिपल पर केस दर्ज

 | 
यमुनानगर:गोल्ड मेडलिस्ट छात्र से मारपीट के आरोप में स्कूल प्रिंसिपल पर केस दर्ज


यमुनानगर, 04 सितंबर (हि.स.)। यमुनानगर के जगाधरी स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के 11वीं कक्षा के छात्र एवं गोल्ड मेडलिस्ट पहलवान कृष्णा शर्मा से कथित मारपीट के मामले में शहर जगाधरी थाना पुलिस ने स्कूल प्रिंसिपल मोहम्मद जावेद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने यह कार्रवाई मेडिकल जांच रिपोर्ट, उपलब्ध दस्तावेजों और जिला न्यायवादी की कानूनी राय के बाद की। शिकायत के अनुसार जगाधरी निवासी 17 वर्षीय कृष्णा शर्मा 30 जुलाई 2026 को तेजली स्टेडियम में कुश्ती अभ्यास के बाद स्कूल पहुंचा था। उसे करीब 10 मिनट की देरी हुई थी। आरोप है कि स्कूल गेट पर प्रिंसिपल ने उसे रोककर मैदान में झाड़ू लगाने और कूड़ा उठाने को कहा। छात्र द्वारा ऐसा करने से मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई।परिवार का आरोप है कि छात्र के दोनों कानों पर कई थप्पड़ मारे गए और उसे धमकी भी दी गई। इसके बाद उसके कान में गंभीर चोट आई और सुनने में परेशानी हुई। अस्पताल की एमएलआर तथा एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र में हुई पीटीए जांच में कान की चोट की पुष्टि होने का दावा किया गया है। चोट के कारण छात्र चार अगस्त को निर्धारित कुश्ती प्रतियोगिता में भी हिस्सा नहीं ले सका।

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद स्कूल में शिकायत करने पर उन्हें उचित सहायता नहीं मिली। शिक्षा विभाग और जिला शिक्षा अधिकारी को शिकायत देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर परिवार ने अदालत का रुख किया। मामले से जुड़े मेडिकल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्य अधिकारियों को उपलब्ध कराए गए। इसके बाद कानूनी राय के आधार पर पुलिस ने प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार