home page

पदोन्नति में आरक्षण पर रोक के खिलाफ आंदोलन की तैयारी

 | 

रोहतक, 04 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा अनुसूचित जाति राजकीय अध्यापक संघ ने पदोन्नति में आरक्षण पर रोक लगाने के सरकार के निर्णय का विरोध करते हुए प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है। संघ ने इसी सप्ताह राज्य कार्यकारिणी, जिला प्रधानों और प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक बुलाने का निर्णय लिया है। बैठक में आंदोलन की चरणबद्ध रणनीति तय की जाएगी।

संघ के राज्य प्रधान डॉ. दिनेश निम्बड़िया ने कहा कि मानव संसाधन विभाग के तीन अगस्त के निर्देशों के तहत एलपीए के अंतिम निर्णय तक ग्रुप-ए व बी के पदों पर पदोन्नति में अनुसूचित जाति कर्मचारियों को आरक्षण का लाभ रोक दिया गया है। उन्होंने इसे अनुसूचित जाति कर्मचारियों के साथ अन्याय बताया। उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम निर्णय के अधीन पदोन्नतियां जारी रख सकती थी। राज्य महासचिव विनोद मोहड़ी ने कहा कि शिक्षा विभाग में अनुसूचित जाति कर्मचारियों की पदोन्नतियां लंबे समय से लंबित हैं।

संघ रोस्टर रजिस्टर सार्वजनिक करने और बैकलॉग पदों को भरने की मांग करता रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने निर्णय वापस नहीं लिया तो खंड, जिला और राज्य स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। अभियान में अन्य कर्मचारी संगठनों और सामाजिक संगठनों को भी जोड़ा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल