हिसार : तीन महीने से वेतन नहीं, महिला रसोइयों के शोषण पर आंदोलन की तैयारी
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों और आरोही मॉडल
स्कूलों की महिला कर्मचारियों की जल्द होगी अलग बैठक
हिसार, 11 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा राज्य चतुर्थ
श्रेणी सरकारी कर्मचारी यूनियन की जिला कमेटी की बैठक रविवार को सर्व कर्मचारी संघ
कार्यालय में जिला प्रधान छबीलदास मौलिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन जिला
सचिव जगसीर खेदड़ ने किया। बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं और सरकार की नीतियों के
खिलाफ आगामी आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेताओं ने
रविवार काे आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार लगातार कर्मचारी एवं जनविरोधी नीतियां
लागू कर रही है। इन नीतियों के कारण कर्मचारियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों में रोष
है।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका
विद्यालयों और आरोही मॉडल स्कूलों में कार्यरत महिला रसोइयों से 24 घंटे काम लिया जा
रहा है। इसके बावजूद उन्हें पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिला है। वहीं, पिछले पांच
वर्षों से उनके वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। नेताओं ने इसे महिला कर्मचारियों
का शोषण बताते हुए उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इन
विद्यालयों में कार्यरत महिला कर्मचारियों की जल्द ही अलग बैठक बुलाई जाएगी। इसमें
उनकी समस्याओं पर विचार-विमर्श कर आगामी आंदोलन की घोषणा की जाएगी।
बैठक में कुरुक्षेत्र में लगातार चल रहे अनिश्चितकालीन
धरने पर बैठे कर्मचारियों की मांगों का भी समर्थन किया गया। कर्मचारी नेताओं ने सरकार
से मांग की कि वह धरनारत कर्मचारियों की समस्याओं पर तुरंत संज्ञान लेकर उनकी मांगों
का समाधान करे।
बैठक में सर्व कर्मचारी संघ के जिला सह सचिव मास्टर
विनोद, यूनियन के सह सचिव ईश्वर सिंह मुवाल, तरसेम सहित अन्य कर्मचारी नेता उपस्थित
रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

