home page

यमुनानगर:रिहायशी इलाके में बिजली कार्यालय खुलने पर विरोध तेज

 | 
यमुनानगर:रिहायशी इलाके में बिजली कार्यालय खुलने पर विरोध तेज


यमुनानगर, 03 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर शहर के वार्ड नंबर 13 स्थित जैन कॉलोनी में उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड के कार्यालय के संचालन को लेकर स्थानीय निवासियों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि रिहायशी क्षेत्र में इस प्रकार का कार्यालय खोले जाने से इलाके की व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

निवासियों के अनुसार कॉलोनी पूरी तरह आवासीय क्षेत्र है, जहां बिना स्थानीय लोगों की सहमति के बिजली निगम का कार्यालय शुरू कर दिया गया। इसके चलते क्षेत्र में लोगों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यालय खुलने के बाद से बाहरी व्यक्तियों का आना-जाना बढ़ गया है, जिससे कॉलोनी की शांति और सुरक्षा पर भी असर पड़ा है। निवासियों ने इसे नियमों के विपरीत बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

इस मामले में कई प्रमुख स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर आपत्ति जताई है और प्रशासन को शिकायत सौंपी है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। निवासियों ने अपनी शिकायत क्षेत्र के विधायक को भी सौंप दी है और उम्मीद जताई है कि इस मुद्दे का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि या तो इस कार्यालय को किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए या कॉलोनी में उत्पन्न समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। प्रशासनिक स्तर पर फिलहाल इस मामले को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन स्थानीय लोगों ने स्पष्ट किया है कि समस्या का समाधान होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार