हिसार: हरियाणा के 12 खिलाड़ी दिखाएंगे बिम्सटेक एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दमखम
भारतीय टीम में 5 पुरुष और 7 महिला खिलाड़ियों का चयन
25 से 27 नवंबर तक भुवनेश्वर में होगी प्रतियोगिता
हिसार, 11 नवंबर (हि.स.)। भुवनेश्वर में 25 से 27 नवंबर तक होने वाली बिम्सटेक
अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हरियाणा के 12 खिलाड़ी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व
करेंगे। इनमें पांच पुरुष और सात महिला एथलीट शामिल हैं। प्रतियोगिता का आयोजन एथलेटिक्स
फेडरेशन ऑफ इंडिया और ओडिशा एथलेटिक्स संघ की ओर से संयुक्त रूप से किया जाएगा।
एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह, महासचिव प्रदीप मलिक और मीडिया
प्रभारी (खेल) सत्यवीर धनखड़ ने बताया कि हरियाणा के खिलाड़ियों का चयन विभिन्न स्पर्धाओं
के लिए हुआ है। 1500 मीटर दौड़ में हिसार के हितेश चयनित हुए हैं, जबकि जींद के सोहित
विजेंद्र रिजर्व खिलाड़ी रहेंगे। शॉटपुट में चरखी दादरी के अतुल, सोनीपत के अंशु धनखड़
और रिया वर्मा को मौका मिला है।
इसी प्रकार जेवलिन थ्रो में जींद के आदित्य, पूनम और फतेहाबाद की दीपिका शामिल
हैं, जबकि फतेहाबाद की ज्योति रिजर्व खिलाड़ी रहेंगी। डिस्कस थ्रो में भिवानी की प्रिया
तथा 4 गुणा 400 मीटर रिले में जींद की तमन्ना हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
5000 मीटर दौड़ में रमिकेश को रिजर्व खिलाड़ी के रूप में रखा गया है। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य राजकुमार मिटान ने
चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से
ही सफलता मिलती है। खिलाड़ियों को हार से घबराने की बजाय हर प्रतियोगिता को नए अवसर
के रूप में लेना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से देश और हरियाणा
का नाम रोशन करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

