आत्महत्या करने वाले दंपती का हुआ पोस्टमार्टम,जांच की गुत्थी उलझी
सोनीपत, 03 सितंबर (हि.स.)। सोनीपत
के गांव कबीरपुर में प्रेम विवाह करने वाले दंपती द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद गुरुवार को दोनों शवों
का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक तेवड़ी गांव निवासी ऋतिक
(24) और राठधाना निवासी सिमरन (21) है। दोनों ने 17 मई 2024 को परिजनों की मर्जी के
खिलाफ प्रेम विवाह किया था। बुधवार को ही ऋतिक ने नई कनफेक्शनरी की दुकान का उद्घाटन
किया था और इस मौके पर हवन कराया गया था। कुछ घंटे बाद दोनों के शव घर में मिलने से
परिवार में कोहराम मच गया था। दोनों के परिवार पहुंच गए थे किसी की ओर से कोई आरोप
नहीं लगाया गया है।
परिजनों
के अनुसार ऋतिक टैक्सी चलाता था और पत्नी सिमरन के साथ कबीरपुर में किराये के मकान
में रहता था। दोनों एक-दूसरे को स्कूल के समय से जानते थे। शादी के बाद दोनों की कोई
संतान नहीं थी। बुधवार सुबह नई दुकान के शुभारंभ के दौरान दोनों सामान्य और खुश नजर
आ रहे थे। हवन के बाद दोनों घर लौट आए, जबकि ऋतिक के माता-पिता ड्यूटी पर चले गए।
कुछ
समय बाद परिजनों ने दोनों को फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठाया। चिंता होने पर परिजन
घर पहुंचे। मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। दीवार के सहारे अंदर जाकर दरवाजा खोला गया
तो कमरे में ऋतिक पंखे के हुक से फंदे पर लटका मिला। सिमरन बेड के पास पड़ी थी और उसके
गले में भी फंदा था, जो टूटा हुआ था। परिजन उसे नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों
ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सदर
थाना प्रभारी सुखबीर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम
गुरुवार को कराया गया है पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक कारणों
का पता लगेगा। पुलिस
और फोरेंसिक टीम ने मौके से जांच की तथा साक्ष्य जुटाए। पुलिस को अभी तक कोई सुसाइड
नोट नहीं मिला है। परिजन भी मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके
हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

