नूंह के पिनगवां में जुटेंगे प्रदेशभर के इमाम व उलेमा
नूंह, 20 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक एवं पूर्व विधायक जाकिर हुसैन के सम्मान में आगामी 23 नवंबर को नूंह जिले के पिनगवां स्थित मदरसा जामिया फातिमा अल जोहरा लिलबनात में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। अकबरपुर रोड स्थित मदरसे में इस कार्यक्रम में तंज़ीम आईमा ए औकाफ, हरियाणा से जुड़े सैकड़ों इमाम और उलेमा शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता तंज़ीम के प्रदेश अध्यक्ष मौलाना असरुद्दीन तेड़ करेंगे।
शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मौलाना असरुद्दीन तेड़ ने बताया कि वक्फ बोर्ड प्रशासक जाकिर हुसैन और बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद शाईन ने इमामों के अधिकारों, आर्थिक हितों और कल्याण के लिए पिछले कई वर्षों में महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं। उनके प्रयासों से इमामों के मानदेय में बढ़ोतरी, हर साल वेतन वृद्धि तथा एक्सग्रेशिया योजना के तहत आश्रित परिवारों को नौकरी देने जैसे अहम फैसले हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इमामों और उलेमा की लंबे समय से जुड़ी मांगों पर सकारात्मक पहल हुई है। इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा सरकार, वक्फ बोर्ड प्रशासक जाकिर हुसैन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद शाईन का तहेदिल से आभार व्यक्त करते हैं। मौलाना असरुद्दीन ने कहा कि तंज़ीम से जुड़े सभी इमाम और उलेमा इन प्रयासों के लिए जाकिर हुसैन का सामूहिक रूप से इस्तकबाल करना चाहते हैं। इसी उद्देश्य से सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशभर के इमामों और उलेमा से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की। समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

