home page

नायब सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर साधा निशाना

 | 
नायब सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर साधा निशाना


चंडीगढ़, 17 जनवरी (हि.स.)। पंजाब में एक के बाद एक कई जनसभाओं को संबोधित करके लौटे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (आआपा) की सरकार पर जमकर निशाना साधा।

शनिवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में सैनी ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान बाढ़ प्रभावित किसानों को बीस हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की बात करते हैं जबकि उनकी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल गुजरात में 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की बात करते हैं। अब केजरीवाल तथा भगवंत मान पंजाब की जनता को बताएं कि किसानों के हिस्से का 30 हजार कहां गया।

नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी की नीतियों में कोई अंतर नहीं है। आआपा को लाभ पहुंचाने के लिए कांग्रेस मुक्तसर के माघी मेले में कॉन्फ्रेंस करने से ही भाग गई। पंजाब के मुख्यमंत्री के एक वायरल वीडियो का हवाला देते हुए नायब सैनी ने कहा कि मुर्गी के मरने पर मुआवजा देने का ऐलान करने वाले भगवंत मान बताएं कि पंजाब में बाढ़ से पशुओं की मौत पर कितने किसानों को मुआवजा दिया गया है।

पंजाब सरकार पर किसानों को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए सैनी ने कहा कि पराली जलाना किसानों की मजबूरी है लेकिन उनको वैकल्पिक व्यवस्था प्रदान करना सरकार की जिम्मेदारी है। पंजाब की सरकार जिम्मेदारी से भाग रही है। पंजाब में किसानों की सुध नहीं ली जा रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा