कैथल: बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत : विधायक योगेंद्र राणा
कैथल, 01 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक बैठक में शनिवार को कैथल विधानसभा क्षेत्र के बीएलए-2, बूथ अध्यक्ष और शक्ति प्रमुखों ने भाग लिया। बैठक में असंध के विधायक योगेंद्र राणा ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
विधायक योगेंद्र राणा ने कहा कि भाजपा का संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और बूथ स्तर का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की सफलता की नींव है। उन्होंने कहा कि संगठन को सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा, सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। साथ ही केंद्र और हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना भी कार्यकर्ताओं की अहम जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को अनुशासन, टीम भावना और पूरी जिम्मेदारी के साथ सफल बनाया जाए। कार्यकर्ताओं से जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का भी आह्वान किया। बैठक में संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई प्रत्येक जिम्मेदारी को ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाना हर कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है। भाजपा बूथ जीतकर ही सरकार बनाने का काम करती है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रहना होगा।
कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व विधायक लीला राम ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत उसका संगठन होता है और भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के कारण ही भाजपा देश के अधिकांश राज्यों में सरकार बनाकर जनता की सेवा कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने, निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने तथा एकजुट होकर संगठन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास की नीति पर कार्य करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

