home page

हरियाणा में पुलिस कर्मियों को बेटी की शादी पर मिलेंगे ढाई लाख

 | 
हरियाणा में पुलिस कर्मियों को बेटी की शादी पर मिलेंगे ढाई लाख


प्रदेश में एक अप्रैल से लागू होगी शगुन योजना

चंडीगढ़, 28 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि हरियाणा पुलिस जल्द ही शगुन योजना लागू करने जा रही है जिसके तहत हरियाणा पुलिस कल्याण कोष से पुलिसकर्मियों की बेटी की शादी के लिए 2.5 लाख रूपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

बाद में इसे बढ़ाकर 5 लाख रुपये तक किए जाने की योजना है। यह योजना एक अप्रैल से लागू की जाएगी। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल शनिवार को पंचकूला में बी-लेवल कल्याण बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आगे बताया कि शगुन योजना, हॉस्टल गिफ्ट योजना, पुलिस लाइनों में बैंक्वेट एवं कम्युनिटी हॉल की सुविधा तथा आवास संबंधी योजनाओं पर कार्य आरंभ कर दिया गया है।

बैठक में पिछले एक महीनें में शहीद हुए दो पुलिसकर्मियों - इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद तथा पीएसआई रवि को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन भी धारण किया गया।

उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल में फोर्स और उनके परिवारों के वेलफेयर को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी है तथा आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस मुख्यालय स्तर पर केवल वेलफेयर की सोच ही नहीं, बल्कि ठोस योजनाएं बनाकर उन्हें लागू भी किया जाता है। इसी उद्देश्य से उन्होंने रोहतक जिला का दौरा कर पुलिस परिवारों से संवाद किया। भविष्य में प्रदेश की सभी पुलिस लाइनों का दौरा करने की बात कही।

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि हरियाणा पुलिस ने कर्मियों के लिए विभिन्न भत्तों एवं सुविधाओं की व्यवस्था की है, ताकि वे निश्चिंत होकर अपने दायित्व निभा सकें। ट्रांसफर पॉलिसी में भी मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए आवश्यक लचीलापन दिया गया है और समयबद्ध पदोन्नति सुनिश्चित करने के लिए वे स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष बल देते हुए उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा प्रत्येक जिले में जिम की व्यवस्था की गई है। वर्ष-2025 में हरियाणा पुलिस के 17 हजार 985 कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की गई है। इसके साथ साथ पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मनोरोग विशेषज्ञों के साथ भी बैठक की गई है।

इस बैठक में हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरों के प्रमुख नवदीप सिंह विर्क, एडीजी हयूमन राइट्स एंड लिटिगेशन कला रामचंद्रन, एडीजीपी सी एस राव, अमिताभ ढिल्लों, संजय कुमार, के के राव, हरदीप सिंह दून, पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह सहित कई कमिश्नरेट, रेंज तथा जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों व पुलिस अधीक्षकों ने भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा