home page

जींद : सोना गिरवी रखने के नाम पर कंपनियों को ठगने का आरोपित गिरफ्तार

 | 
जींद : सोना गिरवी रखने के नाम पर कंपनियों को ठगने का आरोपित गिरफ्तार


जींद, 06 जून (हि.स.)। शहर थाना सफीदों पुलिस ने फेडबैंक फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर शनिवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के निर्देश दिए हैं। पुलिस आरोपित से धोखाधड़ी से ठगी गई राशि बरामद करेगी।

शहर थाना सफीदों के जांच अधिकारी दीपक कुमार ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि सफीदों निवासी प्रवीण ने शहर थाना पुलिस को शिकायत देकर कहा था कि शिल्लाखेड़ा निवासी विनोद ने फेडबैंक फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड से अपनी गोल्ड लोन को चुकता करने के लिए दो लाख 99 हजार रुपये का लोन लिया था। इसके बाद विनोद को अपना सोना कैपरी बैंक से छुड़वा कर उनकी कंपनी को देना था। पैसे मिलते ही विनोद फरार हो गया। आरोपित ने न तो पैसे दिए और न ही सोना लाकर दिया। वह लगातार कंपनी और बैंक अधिकारियों को गुमराह करता रहा। इस पर शहर थाना पुलिस ने गत 30 मार्च को विनोद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।

पुलिस ने जांच में शामिल होने के लिए विनोद को नोटिस जारी किए लेकिन वह जांच में शामिल नहीं हुआ। शुक्रवार शाम को पुलिस ने आरोपित विनोद को गिरफ्तार कर शनिवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के निर्देश दिए। आरोपित पर पहले भी दर्ज हैं चार मामलेआरोपित शिल्लाखेड़ी निवासी विनोद कुमार बैंक में गिरवी रखी गोल्ड को छुड़वाने के नाम पर लोन देने वाली चार कंपनियों को चूना लगा चुका है। सभी मामले सफीदों में दर्ज हैं। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने कहा कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपित से धोखाधड़ी से ऐंठी गई राशि व अन्य जानकारी हासिल की जाएगी। तीन दिन के रिमांड के दौरान उससे यह भी पूछताछ की जाएगी कि और किन-किन कंपनियों को उसने चूना लगाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा