home page

यमुनानगर: ग्रामीणों ने करनाल पुलिस पर हमला कर आरोपी को छुड़ाया

 | 
यमुनानगर: ग्रामीणों ने करनाल पुलिस पर हमला कर आरोपी को छुड़ाया


यमुनानगर, 16 जून (हि.स.) यमुनानगर जिले के रादौर क्षेत्र स्थित छोटा बांस गांव में एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े एक प्रकरण में वांछित व्यक्ति को पकड़ने पहुंची करनाल सीआईए की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान पुलिस वाहनों को क्षति पहुंची, कई कर्मी चोटिल हुए हैं। आरोपी भीड़ की मदद से मौके से निकल गया।

करनाल सीआईए की टीम मंगलवार शाम गांव की डेहा बस्ती में पहुंची थी। पुलिस दल एक सरकारी तथा एक निजी वाहन में सवार होकर फरार चल रहे राजेंद्र की तलाश में आया था। कार्रवाई के दौरान जैसे ही पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लिया, आसपास मौजूद लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। कुछ ही समय में बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां एकत्र हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थिति शीघ्र ही तनावपूर्ण हो गई और पुलिस दल को चारों ओर से घेर लिया गया। पुलिस के समझाने के प्रयासों के बावजूद विवाद बढ़ता गया। इसी दौरान पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया।

घटनाक्रम में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हुए तथा कई कर्मचारी घायल हो गए। आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों में महिलाएं भी शामिल थीं। हंगामे के बीच भीड़ आरोपी राजेंद्र को पुलिस नियंत्रण से मुक्त कराकर अपने साथ ले गई। हालात प्रतिकूल होते देख पुलिस दल गांव से बाहर निकला और घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रादौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायल कर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। रादौर थाना प्रभारी एसआई राजेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की जांच जारी है और हमले में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार