जींद : व्यक्ति के सिर में ईंट मारकर हत्या
जींद, 13 जून (हि.स.)। गांव अलेवा में शुक्रवार रात को शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी में एक व्यक्ति के सिर में ईंट मार कर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलने पर अुलवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया।
मृतक के भाई ने गांव के ही दो लोगों पर हत्या के आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। अलेवा थाना पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अलेवा थाना पुलिस को दी शिकायत में मृतक कुलदीप के भाई मनदीप ने बताया कि उसका 40 वर्षीय भाई कुलदीप शुक्रवार रात को घर नहीं आया। शनिवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि उसके भाई का शव गांव के ही शिरड़ी मंदिर के पास पड़ा है।
जब उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो उसके भाई के सिर में गहरी चोट लगी हुई थी और आसपास खून बिखरा हुआ था। इसके अलावा उसके भाई के शव के पास एक ईंट भी खून में सनी पड़ी है। मनदीप ने बताया कि शुक्रवार कोगांव का ही दीपक उसके भाई कुलदीप को घर से बुला कर ले गया था। इसके अलावा गांव का ही जोगेंद्र भी उनके घर आया था। उन्हें बाद में पता चला कि उसके भाई कुलदीप, जोगेंद्र व दीपक को गांव के शिरड़ी मंदिर के पास रात को शराब पीते देखा था। मनदीप ने कहा कि रात को दोनों ने उसके भाई को शराब पिलाई। उनका किसी बात पर आपस में झगड़ा हो गया। जिसमें जोगेंद्र व दीपक ने उसके भाई के सिर में ईंट मारकर हत्या कर दी। घटना की सचूना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना को गंभीरता से लेते हुए एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने मृतक के शव का नागरकि अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।
अलेवा थाना के जांच अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के भाई मनदीप ने दो लोगों पर उसके भाई की हत्या करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मृतक कुलदीप के भाई मनदीप की शिकायत पर गांव के ही जोगेंद्र व दीपक पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

